खैरथल
वाल में लीकेज, व्यर्थ सड़कों पर बह रहा पानी—आमजन व श्रद्धालु परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : शहर के मातोर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास जल आपूर्ति के लिए लगाया गया वाल लीक होने से लगातार पानी सड़कों पर फैल रहा है। पूरी रात बहने वाले पानी के कारण सड़क पर किचड़ जमा हो गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाल से हो रही लीकेज के चलते पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा, जबकि सड़क पर बेकार बहकर जल की बर्बादी हो रही है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया व चारपहिया वाहन भी फिसलन के कारण प्रभावित हो रहे हैं।
स्थिति इतनी गंभीर है कि बहता पानी पास स्थित मंदिर तक फैल गया है। इससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि लीक वाल की तत्काल मरम्मत कर जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके तथा पानी की बर्बादी रोकी जा सके।


