बेतुल
बैतूल 11वें वेतन समझौते के अंतर्गत बकाया एरियर का भुगतान अति शीघ्र करने की मांग
एचएमएस ने क्षेत्रीय आयुक्त को सौंपा 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। कोल माइन सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ एचएमएस बैतूल का एक प्रतिनिधिमंडल 28 जुलाई को क्षेत्रीय आयुक्त कार्यालय कोयला खदान भविष्य निधि संगठन छिंदवाड़ा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर क्षेत्रीय आयुक्त कार्यालय में सहायक आयुक्त श्री जयंत चौधरी एवं डी.एस. अहिरवार को भारत सरकार के कोयला मंत्री नई दिल्ली के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ऑल इंडिया कोल पेंशनर्स एसोसिएशन के संयोजक पी.के. सिंह राठौड़ द्वारा तैयार सुझाव पत्र को भी शामिल किया गया। यह सुझाव पत्र वेस्टर्न कोलफील्ड के संयोजक डी.के. साहू के माध्यम से सौंपा गया। इस दौरान डी.के. साहू अध्यक्ष, डी.आर. झरबडे महामंत्री, अजय सिंह राजपूत उपाध्यक्ष और गोबरीसिंह धुर्वे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय आयुक्त से चर्चा कर पेंशन पुनरीक्षण (रिवीजन) एवं 11वें वेतन समझौते के तहत पेंशन में अंतर की राशि का बकाया एरियर जल्द भुगतान किए जाने की मांग रखी। इस पर सहायक आयुक्त जयंत चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी माह तक सभी पेंशनर्स का रिवीजन पूरा कर 11वें वेतन समझौते के अंतर्गत बकाया एरियर का भुगतान संभव हो सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि पेंशनर्स की अन्य लंबित समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए। ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने संतोष जताया कि शासन-प्रशासन स्तर पर उनकी बात को गंभीरता से सुना गया है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।



