शामली
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के सम्मान में कांग्रेस का प्रदर्शन
एसडीएम को सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। प्रयागराज माघ मेले में मौनी अमावस्या के अवसर पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद व उनके शिष्यों के साथ कथित अभद्रता के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम ऊन को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील ऊन पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रयागराज माघ मेले में स्नान के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के साथ पुलिस-प्रशासन ने अभद्र व्यवहार किया, जो निंदनीय है।
अशवनी शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार में गाय और ब्राह्मण दोनों की दुर्गति हो रही है। सरकार के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि शंकराचार्य के साथ हुए कृत्य में शामिल प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने भाजपा पर सनातन प्रेम का ढोंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोरिडोर के नाम पर देशभर में कई मंदिर तोड़े जा रहे हैं, जिसका कांग्रेस खुलकर विरोध करेगी।
जिला संगठन सचिव सुबोध कोरी व आचार्य सचिन दीक्षित ने कहा कि शंकराचार्य का अपमान साक्षात भगवान शंकर का अपमान है। प्रदेश के मुखिया को सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक स्नान के लिए आमंत्रित करना चाहिए चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने न्याय नहीं किया तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रयागराज कूच करेंगे।
प्रदर्शन में जिला व ब्लॉक स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

