गाजियाबाद
लोकतंत्र का पाया मीडिया समूह ने मनाया 8वां स्थापना दिवस
पत्रकारों व समाजसेवियों का किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली के यमुना पार स्थित यमुना विहार में राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र लोकतंत्र का पाया (मीडिया समूह) ने अपने 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया। इस मौके पर पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं समाजसेवियों को फूल मालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीराम कॉलोनी से निगम पार्षद एवं स्थायी समिति सदस्य हाजी आमिल मलिक उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में पैगाम-ए-सियासत मैगज़ीन के संपादक डॉ. रियाज़, सामाजिक कार्यकर्ता सुहेल सैफी और आम आदमी पार्टी के नेता इरफ़ान सैफी शामिल हुए।
कार्यक्रम में लोकतंत्र का पाया मीडिया समूह से जुड़े विभिन्न राज्यों के पत्रकारों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। पत्रकारिता के माध्यम से इंसानियत को जीवित रखने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही तय करने तथा आम जनता को न्याय दिलाने वाली खबरों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मीडिया समूह के मुख्य संपादक शमशाद अली मसूदी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि हमें नाम, दौलत और शोहरत के बजाय इंसानियत को केंद्र में रखकर कार्य करना चाहिए। अगर इंसानियत जीवित रहेगी, तो सफलता स्वयं पीछे आएगी। उन्होंने पत्रकारों से पीत पत्रकारिता से बचते हुए निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहारनपुर ब्यूरो चीफ रागिब राणा ने जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सलमा मसूदी, उप संपादक शाहिद खान तहसीनी, शामली ब्यूरो चीफ दिलशाद अली, आज़ाद खान, निशात राणा, हरियाणा प्रभारी अरुण कुमार, मेरठ प्रभारी हाफ़िज़ मामून उर्फ मो. इमरान, रेशमा परवीन, विज्ञापन प्रतिनिधि रानी खान, गाज़ियाबाद से सोएब खान, मध्य दिल्ली प्रभारी मकसूद राही सहित दिल्ली-एनसीआर व अन्य राज्यों के अनेक पत्रकारों ने शिरकत की।
इसके अलावा नागरिक प्रभात के संपादक मो. अफ़ज़ल एडवोकेट, अमन माला रिसर्च फाउंडेशन की अध्यक्ष दीप माला, जन सेवा क्रांति फाउंडेशन की अध्यक्ष हुश्ना हाशमी, वीर अर्जुन के रिपोर्टर सेंसर पाल, शाह टाइम्स के पत्रकार इस्लाम खान समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

