वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हज़ारीबाग़ उपायुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को टाउन हॉल के सभागार में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर केन्द्राधीक्षकों एवं दण्डाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों,स्थिर एवं गश्ती दंडाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि झारखण्ड अधिविद्य परिषद् के निर्देशानुसार वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 03 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 23 फरवरी 2026 तक संचालित होगी। जिले में माध्यमिक परीक्षा के लिए प्रखण्ड एवं जिला स्तर पर कुल 69 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 49 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। माध्यमिक परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 09:45 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के मद्देनजर सूचना एवं शिकायतों के निराकरण हेतु अनुमण्डल शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग की अध्यक्षता में परीक्षा सेल का गठन किया गया है। उपायुक्त ने सभी केन्द्रों पर परीक्षा से पूर्व उपस्कर, सीसीटीवी,पेयजल, शौचालय तथा परिसर की साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया उपायुक्त,हजारीबाग द्वारा परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु केन्द्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है तथा परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व गहन जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित केन्द्राधीक्षक एवं दण्डाधिकारी उत्तरदायी होंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी केन्द्राधीक्षक एवं दण्डाधिकारी परीक्षा तिथि से पूर्व केन्द्रों पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा कर लें। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारू अवस्था में रहेंगे तथा झारखण्ड अधिविद्य परिषद्,रांची द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन किया जाएगा। साथ ही गश्ती दण्डाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा के दिन ब्रजगृह से प्रश्न-पत्र एक घंटे पूर्व उठाव कर संबंधित केन्द्रों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।



