शामली
जलभराव बना जनाज़े की राह में बाधा, ट्रैक्टर-ट्रॉली में ले जाना पड़ा शव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के सलेमपुर मार्ग पर लंबे समय से बने जलभराव ने शनिवार को प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर फिर उजागर कर दी। जलभराव के कारण एक महिला के जनाज़े को परिजन और मोहल्लेवासियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर कब्रिस्तान तक ले जाना पड़ा।सलेमपुर मार्ग निवासी 60 वर्षीय मुनिजा पत्नी रफीक का शनिवार सुबह अचानक निधन हो गया। मौत की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों व मोहल्ले के सैकड़ों लोग उनके आवास पर एकत्र हो गए। दोपहर में जब परिजन जनाज़े को लेकर कब्रिस्तान के लिए रवाना हुए तो सड़क पर भारी जलभराव मिला, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया।सड़क पर जलभराव देखकर मोहल्लेवासियों में रोष फैल गया। मजबूरी में जनाज़े की चारपाई को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पानी से भरे मार्ग से होते हुए कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।मोहल्ले के हाशिम, इकराम, मेहताब, वाजिद,शाहरुख,आजम सहित अन्य लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। यहां तक कि ब्लॉक परिसर में धरना भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जलभराव के कारण रोज़ाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं प्रशासन की उदासीनता से लोगों में गहरा आक्रोश है। विकासखंड अधिकारी गोपाल यादव का कहना है कि, जल भराव की समस्या उनके संज्ञान में नहीं हुई है उनकी अभी तैनाती हुई है जल्दी जानकारी कर समस्या का निस्तारण कराया जाएग।
