गोड्डा
झामुमो क्षेत्रीय कमिटी की हुई बैठक, हुल दिवस व मेला की तैयारी को लेकर बनी रणनीति ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा (पथरगामा) : प्रखंड अंतर्गत सुंदर डेम में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के क्षेत्रीय कमिटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 30 जून को हुल दिवस एवं 01 जुलाई को सुंदर डैम आईबी में मेला के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही ऐतिहासिक भोगनाडीह यात्रा की तैयारी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। उक्त बैठक क्षेत्रीय कमिटी अध्यक्ष ताला बाबु हांसदा की अध्यक्षता में एवं सुंदर डेम स्थित उनके आवास पर हुई। इस दौरान उक्त बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के जिला अध्यक्ष प्रो० प्रेमनन्दन मंडल मौजूद रहे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हुल दिवस हमारे अस्तित्व और स्वाभिमान से जुड़ा हुआ दिन है, जिसकी स्मृति को जीवंत रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में सभी पंचायतों से आए झामुमो पदाधिकारी उपस्थित रहे। संगठन को मजबूत करने, जनजुड़ाव बढ़ाने और कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर सभी ने एकजुटता दिखाई। हुल दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा भोगनाडीह पहुँचने की योजना बनाई गई है। साथ ही 01 जुलाई को सुंदर डैम आईबी में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने के लिए भी रणनीति तैयार की गई है।



