
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जनपद में भारी मात्रा में मिलावटी तेल के तैयार होने की शिकायतों और छापेमारी के बाद आशंका जाहिर की जा रही है कि मिलावटी तेल का इस्तेमाल होटलों और रेस्टोरेंट में खपाया जा रहा है। इस पर कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने होटलों व रेस्टोरेंटों में सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के निर्देश पर एफएसडीए की तीन सदस्यीय टीम गठित की गयी है। यह टीम कई दिनों तक छापेमारी कर कई बिंदुओं पर जांच करेगी। इसमें होटलों-रेस्टोरेंट में सरसों के तेल की खपत और कहां-कहां से माल मंगाया जा रहा है, यह भी जांचा जाएगा।
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने साेमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य सहित अन्य अधिकारियों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय में बैठक की। तेल में मिलावट की आशंका पर हो रही छापेमारी के संबंध में जानकारी की। बैठक में आशंका जाहिर की गई कि मिलावटी तेल का इस्तेमाल होटलों और रेस्टोरेंट में किया जा रहा है। इस पर कमिश्नर ने सहायक आयुक्त खाद्य को होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की सघन जांच कराने के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।




