ललितपुर
महिला सुरक्षा ललितपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी
महिला पुलिस कर्मी, थाना पुलिस बल व रिक्रूटों ने रैली निकालकर किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। एसपी मो.मुश्ताक के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-5 अंतर्गत महिला सशक्तिकरण व जागरूकता के लिए पुलिस लाइन से महिला पुलिस कर्मी, थाना पुलिस बल व रिक्रूटों ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। एसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा ललितपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आगामी त्यौहारों व नपा चुनाव के मद्देनजर पैदल मार्च किया और लोगों से वार्ता कर सुरक्षा का विश्वास दिलाया। बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 22 से 30 दिवस का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिस अधिकारी, कर्माचारी, समस्त थाना पुलिस बल, रिक्रूट आरक्षी शामिल रहे। छात्राओं ने स्लोगन पढ़ते हुए आम जनमानस को यह संदेश दिया कि नारी सबला है, अबला नहीं। कहा कि नारी जीवन का आधार है और किसी से कम नहीं है। रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था। रैली पुलिस लाइन्स से वर्णी चौराहा, तुवन चौराहा, घण्टाघर, सावरकर चौक, आजाद चौक, नदीपुरा, चौबयाना, रावतयाना, महावीरपुरा, अजीतापुरा, जेल चौराहा, घुसयाना चुंगी, पैट्रोल पम्प चौराहा, सदनशाह, कलैक्ट्रेट चौराहा से वापस पुलिस लाइन्स में समाप्त हुई। रैली में एएसपी कालू सिंह, समस्त सीओ व अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे। वहीं पुलिस ने शहर क्षेत्र, ग्राम, कस्बा, मोहल्ला, शिक्षण संस्थानों इत्यादि पर भ्रमणकर, चौपाल लगाकर छात्राओं, बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी देकर निरन्तर जागरूक किया जा रहा है।



