बागपत
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत महिलाओं को किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से श्री महर्षि बाल्मीकि धर्मशाला, बड़ौत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की और स्वच्छ ईंधन व स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राकेश प्रजापति (राष्ट्रीय चेयरमैन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना लाभार्थी विभाग, भारत सरकार) उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे योजना का लाभ लेकर अपने परिवार को सुरक्षित और स्वस्थ बनाएं तथा समाज में जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम संयोजक सुधीर मान ने कहा कि जानकारी ही सशक्तिकरण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने महिलाओं को योजनाओं से जुड़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन आत्माराम मौर्य ने किया, जबकि परवीन मान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विशेष रूप से राजकुमार ढिल्लो (पूर्व महापौर/विधायक प्रत्याशी एवं चेयरमैन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना लाभार्थी विभाग दिल्ली प्रदेश), राजीव झुलझूली, अनिल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुँचाने का संकल्प लिया।




