गायबथान में बाबा तिलका मांझी की जयंती पर भव्य सांस्कृतिक मेला
A grand cultural fair was organised at Gayabthan on the birth anniversary of Baba Tilka Manjhi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर प्रखंड के ग्राम गायबथान स्थित बाबा तिलका मांझी चौक पर महान स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की जयंती के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचल अधिकारी संजय कुमार सिन्हा तथा थाना प्रभारी रवि शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथि उपासना मरांडी ने सर्वप्रथम बाबा तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मेला संयोजकों द्वारा सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन मेला के अंतर्गत आदिवासी पारंपरिक नृत्य ‘लागड़े एनेच्’ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा एवं उत्साहपूर्ण नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। बलिदान और स्वाभिमान की विरासत अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि बाबा तिलका मांझी स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूतों में से एक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज में संघर्ष का बिगुल फूंका। उन्होंने आदिवासी समुदाय को संगठित कर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई और देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि तिलका मांझी का जीवन जल-जंगल-जमीन की रक्षा, जनजातीय स्वाभिमान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उनका संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उपासना मरांडी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा तिलका मांझी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, समाज में एकता, साहस और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति इस अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, प्रखंड कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साह, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, प्रखंड सह सचिव सुनीराम मुर्मू, टीपू सुल्तान अंसारी, निरोज मड़ैया, टाइगर शेख, रहमान अंसारी, सुभान मियां, अनिल हेंब्रम, सुलेमान हांसदा, मसिलाल मरांडी, चुनका मुर्मू, राजू पहाड़िया, राइसिन टुडू, गिरधारी प्रसाद साह, नारायण पहाड़िया, साइमन मोहली, लखनलाल हेंब्रम, गणेश मुर्मू, जोना मुर्मू, अबूतलिब अंसारी सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



