जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक आयोजित
Meeting held with Zonal Magistrate, Sector Officer, BLOs and BLO Supervisors

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 20 फरवरी तक मतदाता पर्ची का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता पर्ची मतदान प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है, इसलिए इसे प्रत्येक मतदाता तक समय पर पहुँचाना बीएलओ की पहली और प्रमुख जिम्मेदारी है। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाता पर्ची का वितरण करें तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियाँ की जा रही हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान दल निर्धारित समय पर सभी बूथों पर पहुँचेंगे तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। माइक्रो ऑब्जर्वर एवं रिसीविंग पदाधिकारी भी लगातार भ्रमण करते रहेंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बीएलओ, उनके परिवारजन अथवा चुनाव ड्यूटी से जुड़े कोई भी कर्मी किसी भी अभ्यर्थी के जुलूस, प्रचार या चुनाव अभियान में किसी भी परिस्थिति में शामिल नहीं होंगे। सभी कर्मियों को पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी बूथ से शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। सभी मतदान केंद्रों पर चौकीदार, एनसीसी एवं नेहरू युवा केंद्र के वालंटियरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही प्रशासक, नगर परिषद को सभी बूथों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मतदान केंद्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, मतदाता पर्ची वितरण की प्रगति तथा मतदान दिवस की तैयारियों—जैसे मतदान कर्मियों के आवासन एवं भोजन, वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए परिवहन व्यवस्था आदि की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) तथा सभी निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे।



