उत्तरकाशी

पहाड़ की शांत वादियों में बम को खबर से हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : जिला कोर्ट और नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। दोनों न्यायालय के जजों को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं।
ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में प्रतिबंधित संगठन लिट्टे तथा पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है। उत्तरकाशी में जिला न्यायालय को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के बाद देहरादून से बम निरोधक दस्ते का इंतजार किया जा रहा है । उधर नैनीताल में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button