गोड्डा

पथरगामा दुर्गा मंदिर परिसर में श्रीराम कथा के आठवें दिन भव्य राम विवाह उत्सव

श्रद्धालुओं ने बारातियों की तरह बांटा उल्लास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। पथरगामा दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा के आठवें दिन पावन राम-विवाह उत्सव भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे परिसर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का ऐसा समावेश देखने को मिला मानो स्वयं अयोध्या और जनकपुर का दृश्य साकार हो गया हो। सुबह से ही श्रद्धालु रंग-बिरंगे मुकुट पहनकर बाराती बनकर पहुंचे और विवाहोत्सव का हिस्सा बने। जैसे ही विवाह की मंगल वेला आई, पूरा कथा पंडाल “सीता-राम” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु नृत्य करते हुए झूमने लगे। कथा वाचक पंडित रविशंकर ठाकुर जी महाराज को भी समिति के अध्यक्ष नीलाभ चतुर्वेदी द्वारा मुकुट पहनाया गया। इस सम्मान से अभिभूत पंडित जी भी भक्ति गीतों की धुन पर झूम उठे और कमेटी सदस्यों के साथ विवाहोत्सव का भरपूर आनंद लिया। विवाह के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया तथा “बारातियों” पर पुष्प वर्षा की गई। महिलाओं, बच्चियों और पुरुषों ने नाच-गान के माध्यम से बारात की खुशियों का खूब लुत्फ उठाया। वृद्ध कमेटी संरक्षक अशोक चौबे एवं शिवकुमार भगत भी मंच पर चढ़कर बारातियों संग झूमते नजर आए। इस दौरान महिलाओं ने बड़े भाव से अंग-वस्त्र दान भी किया।
उत्सव की गरिमा तब और बढ़ गई जब डॉ. प्रभा रानी राम-जानकी विवाह के दृश्य से भाव-विभोर होकर मंच पर पहुंची और विवाहोत्सव की मधुर धुनों पर नृत्य कर उठीं। उनके नृत्य से पूरा वातावरण और अधिक श्रद्धामय व जीवंत हो उठा। मंगलगीतों, जयकारों और पुष्प-वर्षा के बीच सम्पन्न इस राम-जानकी विवाह ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। पूरा परिसर भक्ति, उल्लास और दिव्यता से सराबोर हो उठा। राम विवाह उत्सव की झलकियां लोगों के लिए यादगार बन गई, जिसे श्रद्धालु लंबे समय तक याद रखेंगे। कार्यक्रम में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल, पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नितेश कुमार गौतम, महागामा अंचल अधिकारी खगेन महतो, पथरगामा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान, सरैयाहाट प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभा रानी सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button