भरत पुर

घाटरी क्रेशर जोन में धूल के गुबार से जनजीवन बेहाल

पर्यावरण पर मंडरा रहा खतरा

खाटू श्याम क्रेशर स्टोन से उड़ती धूल ने हिण्डौन-भुसावर मार्ग को किया प्रभावित, कृषि भूमि पर भी पड़ रहा असर; जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। भुसावर उपखंड के घाटरी क्रेशर जोन में संचालित क्रेशर प्लांटों से उड़ने वाली धूल अब आमजन के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। क्षेत्र में स्थित खाटू श्याम क्रेशर स्टोन से उड़ने वाले धूल के गुबार के कारण जहां पर्यावरण प्रभावित हो रहा है, वहीं हिण्डौन-भुसावर सड़क मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार क्रेशर के समीप से गुजरते समय हवा में उड़ती धूल के कारण सड़क पर धुंध जैसी स्थिति बन जाती है। कई बार सामने से आने वाले वाहन तक स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वाहन चालकों का आरोप है कि क्रेशर परिसर में नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है और न ही धूल को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नजर आते हैं।
लोगों का कहना है कि क्रेशर प्लांट परिसर में हरियाली और पेड़-पौधों का भी अभाव है। उड़ती धूल आसपास के खेतों तक पहुंच रही है, जिससे कृषि भूमि और फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। वहीं लगातार धूल के संपर्क में आने से आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।
नियमों की पालना और निगरानी पर सवाल
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण और संबंधित राजस्व विभाग की ओर से प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों ने संबंधित विभागों से क्रेशर प्लांट का निरीक्षण कर धूल नियंत्रण के इंतजामों की जांच करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने तथा नियमानुसार पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के उपाय सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करते हैं या हिण्डौन-भुसावर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक और आसपास के ग्रामीण यूं ही धूल के गुबार के बीच परेशान होते रहेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button