जालौन
24 घंटे के भीतर कोंच पुलिस ने किया चोरी का खुलासा
चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित दो शातिर चोर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कोंच (जालौन)। कोंच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की बड़ी घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए ट्रैक्टर मय ट्रॉली के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है जबकि उनका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली कोंच क्षेत्र के ग्राम चन्दुर्रा निवासी राज भाटिया पुत्र कमलेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर सूचना दी थी कि अज्ञात चोर उनका ट्रैक्टर मय ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली कोंच में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोंच ब्रजेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी और दो आरोपियों को चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन वर्मा पुत्र भरत लाल निवासी ग्राम अण्डा थाना कोंच जनपद जालौन उम्र करीब 19 वर्ष तथा आलोक कुमार उर्फ अंशुल पटेल पुत्र अजय कुमार निवासी ग्राम अण्डा थाना कोंच जनपद जालौन उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं उनका साथी गोपी कुशवाहा पुत्र लल्लूराम निवासी ग्राम अण्डा थाना कोंच मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी गोपी कुशवाहा के साथ मिलकर कोंच-एट मार्ग स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास से ट्रैक्टर चोरी किया था। चोरी के बाद ट्रैक्टर को गांव अण्डा के पास खेतों में झाड़ियों के बीच छिपा दिया गया था। आरोपी ट्रैक्टर को बेचने के उद्देश्य से औरैया ले जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए विधिक कार्रवाई पूर्ण कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। कोंच पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

