ईद से पहले मस्जिद के पास जलभराव

हसनपुर में एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का प्रदर्शन, निकासी की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : हसनपुर नगर में लालबाग रेतिया मस्जिद के पास जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं। नाला चोक होने से शहर का गंदा पानी सड़कों पर भर गया है। इस समस्या के विरोध में ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ प्रदर्शन किया।
दुकानदारों को व्यापार में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहक और राहगीर गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारी बाबा फरीद ने बताया कि ईद उल अजहा के मौके पर यह स्थिति और भी चिंताजनक है। कुर्बानी के दौरान जानवरों का रक्त नाले से होकर सड़क पर आने की आशंका है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।
कई दिनों से सड़क पर पानी जमा है। नमाजियों को मस्जिद आने-जाने में कठिनाई हो रही है। प्रदर्शन में बाबा फरीद, सादिक कादरी, इमरान सैफी, कुर्बान सैफी, रिजवान सैफी, फुरकान सैफी, मारूफ अंसारी, आसिम अंसारी, अनस रजा, गुड्डू जफर और नौशाद अली सहित कई लोग शामिल हुए। सभी ने जल्द से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।



