बरेली
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, घर घर दस्तक देकर होगी संचारी रोगों की रोकथाम
सांसद ने शुरू किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान और स्टॉप डायरिया कैंपेन का शुभारंभ सांसद छत्रपाल गंगवार ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीबीगंज में फीता काटकर किया । इस अवसर पर सांसद ने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण सरकार की प्राथमिकता है और सरकार के प्रयासों से इसमें कमी भी आई है लेकिन अभी हमें और काम करने की आवश्यकता है ।
विधायक कैंट संजीव अग्रवाल ने लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। अपर निदेशक डॉ साधना अग्रवाल ने कहा कि यह साल का दूसरा संचारी रोग नियंत्रण अभियान है ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विश्राम सिंह ने कहा कि एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा स्टॉप डायरिया कैंपेन व 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर स्वयं कोई इलाज न करें । पास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच और इलाज कराएं। जांच और इलाज निःशुल्क उपलब्ध है । संचारी रोग के नोडल व जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता लक्षण वाले रोगियों की सूची बनाएंगी इसके साथ ही जिन घरों में मच्छर का लार्वा पाया जायेगा उसका चिन्हीकरण कर उसकी सूचना ब्लाक और जिला मुख्यालय पर भेजेंगी जिसके अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी इसके अलावा फूड सेफ्टी एवं ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के द्वारा खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने का करने का भी कार्य किया जाना है ।



