17 विकास कार्य योजनाओं का विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया शिलान्यास, कहा हर गांव- टोला तक पहुंचेगी विकास की गंगा
MLA Prof. Stephen Marandi laid the foundation stone for 17 development work plans, said the Ganga of development will reach every village and locality

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर प्रखण्ड के डाकबंगला परिसर में रविवार को एक भव्य शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में महेशपुर विधानसभा क्षेत्र हैट्रिक लगाये विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी शामिल हुए। शिलान्यास समारोह में झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम, जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, जिला सह सचिव कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम,अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रूहूल अमीन एवं सगीर अंसारी तथा प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी एवं जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने संयुक्त रूप से पारंपरिक विधि से फीता काटकर और नारियल फोड़कर लगभग 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। ये योजनाएं डीएमएफटी फंड से संचालित की जा रही हैं। इसमें पीसीसी सड़क निर्माण एवं नाली निर्माण सहित कई आधारभूत संरचनात्मक कार्य शामिल है। इस दौरान विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि महेशपुर प्रखण्ड की विकास यात्रा अब नई ऊंचाइयों को छुएगी और विकास कार्यों की गंगा गांव-गांव तथा टोले-टोले तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से पीसीसी सड़क और नाली निर्माण योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का पूर्ण हो जाने से महेशपुर प्रखण्ड के ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेम्ब्रम,मैनुद्दीन अंसारी, एनामुल हक,मो असद,अभिषेक कुमार सिंह उर्फ गोलक,नसीम अहमद, अल्तमस हेम्ब्रम, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ सिद्दार्थ शंकर यादव, सीओ संजय कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया और कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र का समग्र विकास होगा।



