ललितपुर
मिशन शक्ति के तहत ललितपुर पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद ललितपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर यह अभियान और अधिक सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिला हेल्प डेस्क, साइबर अपराध से बचाव, कानूनी अधिकारों एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पम्पलेट वितरित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग बनने के लिए प्रेरित किया गया। चैत्र नवरात्रि को देखते हुए जनपद के मंदिरों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा उपायों और आपातकालीन सेवाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके। इसके अतिरिक्त एंटी रोमियो अभियान के तहत पुलिस की टीमें विभिन्न चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। मनचलों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे छेड़छाड़ और महिला उत्पीडऩ जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



