
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : वैदिक हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर समाधान सेवा फाउंडेशन (रजि.), दिल्ली द्वारा पश्चिमी करावल नगर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक आचार्य राकेश चन्द्र सेमवाल एवं आचार्य अरविन्द पाराशर द्वारा मुख्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, यमुना विहार विभाग के विभाग कार्यवाह मुकेश, जिला संघचालक उमेश , नगर कार्यवाह पंचम , आयकर विभाग के आयुक्त संजय त्रिपाठी, धर्मजागरण प्रान्त टोली सदस्य राज तिवारी तथा DLF अंकुर विहार के पार्षद एवं समाधान सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय निदेशक सभासद अंकुर बिहार रामनिवास त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विभाग कार्यवाह मुकेश कुमार ने कहा कि वैदिक नव संवत्सर की प्राचीन परंपरा सदैव अक्षुण्ण रहेगी, क्योंकि सनातन धर्म वैज्ञानिक आधारों पर टिका है। उन्होंने समाज से संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
आयकर आयुक्त संजय त्रिपाठी ने भारतीय प्राचीन ज्ञान परंपरा को विश्व के लिए मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि वेद, पुराण, उपनिषद, गीता, रामायण और महाभारत के ज्ञान का प्रचार-प्रसार प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
समाधान सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय निदेशक शिवम तिवारी ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, चिकित्सा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से करावल नगर क्षेत्र में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और समाज का व्यापक सहयोग प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें अभिलाख दद्दा, विमल पाण्डे, अन्नू पाण्डेय, जे.पी. शर्मा, वासुदेव मिश्रा, राकेश मिश्रा, वेद प्रकाश तिवारी, योगेन्द्र चौहान, रामपाल सिंह तोमर, सरोज दुबे, नरेश कुमार, सुशील पाराशर, शैलेन्द्र आजाद त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ला एवं भास्कर तिवारी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में हनुमान चालीसा, हनुमानाष्टक एवं आरती के साथ प्रसाद वितरण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

