नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में मंगलवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही घर में महिला और पुरुष के खून से लथपथ शव मिलने से आसपास के लोग दहशत में हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों और शक से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 1 बजे डायल 112 पर पूजा कॉलोनी स्थित बुद्ध बाजार क्षेत्र से झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो दृश्य देखकर सन्न रह गई। घर के भीतर शबनम (36) और फहीम (32) के शव पड़े थे, जिनके आसपास खून फैला हुआ था।
पत्नी और दोस्त की हत्या कर फरार हुआ आरोपी
मृतका शबनम, मकान मालिक राशिद की पत्नी थी, जबकि फहीम उसका करीबी दोस्त बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, शबनम और फहीम के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर राशिद को शक था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और राशिद ने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूजा कॉलोनी में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

