गोड्डा
महागामा की बेटियों ने मारी बाजी
फिटनेस मास्टर अकैडमी से प्रशिक्षण लेकर दर्जनों लड़कियां बनीं पुलिस कर्मी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। अनुमंडल क्षेत्र में एक ओर जहां संसाधनों की कमी और आर्थिक तंगी के कारण कई गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियां अपने सपनों को साकार नहीं कर पातीं, वहीं दूसरी ओर फिटनेस मास्टर अकैडमी इन बेटियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। यहां प्रशिक्षकों की मेहनत और समर्पण के बल पर कई लड़कियों ने न केवल अपनी किस्मत बदली, बल्कि समाज में भी एक नई मिसाल कायम की है। फिटनेस मास्टर अकैडमी के प्रशिक्षक अजय कुमार सिंह, ललित कुमार पंडित एवं मृत्युंजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में गरीब एवं जरूरतमंद लड़कियों को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से अब तक दर्जनों छात्राएं केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न पुलिस बलों—जैसे झारखंड पुलिस, बिहार पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों में चयनित होकर कार्यरत हैं।प्रशिक्षकों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों को आगे बढ़ाना है जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। वे सुबह-शाम नियमित रूप से दौड़, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान देते हैं, जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास हो सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले जहां क्षेत्र की बेटियां घर की चारदीवारी तक सीमित रहती थीं, वहीं अब वे यूनिफॉर्म पहनकर देश की सेवा कर रही हैं। यह बदलाव न केवल परिवारों के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे महागामा क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर नौकरी पाने वाली बेटियां आज अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी सफलता को देखकर अब बड़ी संख्या में लड़कियां इस अकैडमी से जुड़ रही हैं और अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।समाज के बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि ऐसे प्रयासों को और बढ़ावा मिले, तो क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।



