बरेली

सिटी स्टेशन रोड के 20 मीटर टुकड़े पर रेलवे  ने अटकाया रोड़ा

सड़क निर्माण कार्य रुका

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले चौपुला-किला मार्ग की 1200 मीटर सड़क का निर्माण 90 फीसदी पूरा हो चुका है, मगर सिटी स्टेशन के पास महज 20 मीटर के एक टुकड़े पर रेलवे ने लाल  झंडी लगाकर पेंच फंसा दिया है। दरअसल, जनवरी में काम शुरू होने पर रेलवे ने अंडरपास निर्माण के वाहनों का हवाला देकर यह हिस्सा छुड़वा दिया था।
लोक निर्माण के विभाग के अफसरों के अनुसार वादा किया था कि बाकी सड़क बनते ही अनुमति दे दी जाएगी। अब रेलवे वादे से मुकर गया है। इस ””लाल झंडी”” ने न केवल वाहनों की रफ्तार रोकी है, बल्कि करोड़ों के इस प्रोजेक्ट के भविष्य पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से यह सड़क 30 इंच मोटी सीसी लेयर और आधुनिक पेवर तकनीक से बनाई जा रही है। एएम बिल्डर्स को इसके निर्माण की जिम्मेदारी है, लेकिन रेलवे की जिद ने निर्माण कार्य को लटका दिया है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि यदि 20 मीटर का यह पेच नहीं सुलझा और नाली का निर्माण अधूरा रहा, तो मानसून में होने वाला जलभराव इस नई सड़क की नींव को खोखला कर देगा। रेलवे साइड में ड्रेनेज न होने के कारण बरसाती पानी सीधे सड़क के नीचे जमा होगा, जिससे पांच करोड़ की लागत से बना यह रोड चंद महीनों में तालाब में तब्दील हो सकता है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन भगत सिंह का कहना है कि उनकी टीम ने जलभराव के स्थायी समाधान के लिए जो खाका खींचा था, उसे रेलवे की जिद ने अधर में लटका दिया है। साफ कहा कि अंडरपास के वाहनों का बहाना बनाकर विकास कार्य को रोकना समझ से परे है, जबकि विभाग अपना काम रिकॉर्ड समय में पूरा करने के करीब है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button