ललितपुर
अष्टमी पर्व पर सीडीओ का औचक निरीक्षण
दैलवारा स्थित कान्हा गोवंश आश्रय स्थल की व्यवस्थाएं मिलीं उत्कृष्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित कान्हा गौवंश आश्रय स्थल दैलवारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अष्टमी पर्व के पावन अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से गौपूजन कर गोवंशों की सेवा एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की। सीडीओ ने आश्रय स्थल की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने गोवंशों के स्वास्थ्य, उनके रहने की व्यवस्था, खानपान, साफ-सफाई एवं चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह पाया गया कि आश्रय स्थल में रखे गए सभी गोवंश स्वस्थ, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रह रहे हैं, जिससे व्यवस्थाओं की गुणवत्ता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। उन्होंने विशेष रूप से यह भी देखा कि कमजोर एवं वृद्ध गोवंशों को अन्य गोवंशों से अलग रखने की उचित व्यवस्था की गई है, जिससे उनकी देखभाल बेहतर तरीके से की जा सके। इसके अतिरिक्त बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त (एक्सीडेंटल) गोवंशों के लिए पृथक स्थान निर्धारित किया गया है, जहां पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा नियमित रूप से उनका उपचार किया जा रहा है। इस व्यवस्था को सीडीओ ने सराहनीय बताया। चारा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पाया कि आश्रय स्थल में पर्याप्त मात्रा में भूसा एवं चुनी उपलब्ध है, जिससे गोवंशों को किसी प्रकार की कमी नहीं हो रही है। सफाई व्यवस्था का भी उन्होंने गहन निरीक्षण किया और पाया कि परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक है। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी प्रकार स्वच्छता बनाए रखी जाए और नियमित रूप से सफाई कार्य होता रहे, जिससे गोवंशों को स्वस्थ वातावरण मिल सके। उपरांत सीडीओ शेषनाथ चौहान ने गौशाला के संचालन, व्यवस्थाओं एवं कर्मचारियों की कार्यशैली पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं अन्य आश्रय स्थलों के लिए भी उदाहरण बन सकती हैं। इस दौरान निरीक्षण में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी भगवान सिंह, वरिष्ठ लिपिक अभिषेक चौबे तथा गौशाला सुपरवाइजर राजीव हुण्डैत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



