मराठा कालीन गणेश मंदिर, वनखंडी देवी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
विधायक के प्रयास से कालपी के दो ऐतिहासिक मंदिरों के सौंदर्यकरण हेतु 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी (जालौन)। कालपी क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और सौंदर्यकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 1 करोड़ 37 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी के प्रयासों से संभव हो सकी है। इस धनराशि से कालपी के प्रसिद्ध बनखंडी देवी मंदिर एवं मराठा कालीन गणेश मंदिर का संरक्षण और सौंदर्यकरण किया जाएगा। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार गणेश मंदिर के लिए 64 लाख 55 हजार रुपये तथा बनखंडी देवी मंदिर के लिए 72 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। गौरतलब है कि विधायक विनोद चतुर्वेदी क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इससे पूर्व सांघी गांव स्थित पातालेश्वर मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यकरण हेतु भी लगभग सवा करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई जा चुकी है। उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा पर्यटन विभाग के महानिदेशक को पत्र जारी कर इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और वे विधायक के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।


