शामली
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा
जलालाबाद में बच्चों ने संभाली ‘नदी बचाओ’ की कमान, कृष्णा नदी किनारे किया श्रमदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली, जलालाबाद : नमामि गंगे अभियान के तहत जिला गंगा समिति शामली के नेतृत्व में नगर पंचायत जलालाबाद के सहयोग से प्राथमिक विद्यालय नंबर-2, जलालाबाद में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम जोरदार और प्रभावशाली तरीके से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी डॉ. सोनू कुमार के निर्देशन में हुआ, जिसमें बच्चों ने न सिर्फ भागीदारी निभाई, बल्कि समाज को साफ-सुथरे जल स्रोतों की अहमियत का सशक्त संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नदियों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व से रूबरू कराया। साथ ही जल संरक्षण, जैव-विविधता और प्रदूषण से होने वाले खतरों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
जागरूकता को जनांदोलन का रूप देने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु नाटक और नृत्य नाटिका आयोजित किए गए। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से साफ संदेश दिया कि यदि आज नहीं चेते, तो आने वाली पीढ़ियों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं सफाई नायकों और मेधावी बच्चों को टी-शर्ट वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।कार्यक्रम की सबसे अहम कड़ी रही जागरूकता रैली, जो विद्यालय से निकलकर कृष्णा नदी तक पहुंची। रैली में बच्चों, शिक्षकों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद कृष्णा नदी किनारे सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया गया, जिसने कार्यक्रम को सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी पहल में बदल दिया।इस मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी ऊन रेंज कृष्णकांत चक्रवर्ती, पर्यावरण प्रेमी मुस्तकीम मल्लाह, अधिशासी अधिकारी जयबीर शर्मा, विद्यालय प्रधानाचार्य, सभासद, सफाई नायक व कर्मी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संदेश साफ है—
जब बच्चे जागरूक हो जाएं, तो समाज को बदलने में देर नहीं लगती। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह मुहिम कागजों से निकलकर स्थायी जनआंदोलन बन पाती है या नहीं।

