जालौन
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में शिक्षा व संस्कार पर जोर
रामश्री पब्लिक स्कूल में वार्षिक परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। रामश्री पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षाफल घोषित कर पुरस्कार वितरण एवं अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया और शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अनिल यादव तथा यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह रहे। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सीपी गुप्ता ने अतिथियों व अभिभावकों का स्वागत करते हुए बताया कि विद्यालय हर वर्ष उत्कृष्ट ढंग से परीक्षाएं संपन्न कराता है और पूरे वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर छात्रों को कक्षोन्नति दी जाती है।
उन्होंने बताया कि सत्र 2026-27 की कक्षाएं 1 अप्रैल से प्रारंभ होंगी तथा पीजी से 12 वीं तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विद्यालय का उद्देश्य न्यूनतम फीस पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर पीजी से कक्षा 11 तक के छात्रों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। प्री-प्राइमरी, प्राइमरी और उच्च कक्षाओं के मेधावी छात्रों को मंच पर बुलाकर पुरस्कृत किया गया, जिससे अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि डॉ. अनिल यादव ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना आवश्यक है और इसमें अभिभावक व शिक्षक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। वहीं यातायात प्रभारी वीरबहादुर सिंह ने कहा कि विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है और यहां से ही वे जीवन के महत्वपूर्ण कौशल सीखते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शैलेन्द्र सिंह सेंगर ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। संचालन उप प्रधानाचार्य अंशुल द्विवेदी ने किया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


