खैरथल
एमिड संस्थान की पहल: 25 गांवों की बालिकाओं ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह से किया संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। एमिड संस्थान की ओर से किशनगढ़ बास क्षेत्र के 25 गांवों—मिर्जापुर, बाघोड़ा, खोयड़ा, न्याणा, मूसाखेड़ा, मांझा, ओदरा व तिजारा सहित अन्य गांवों की 30 लीडर बालिकाओं का जिला खैरथल-तिजारा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एमिड संस्थान के सचिव नूर मोहम्मद ने बताया कि संस्थान वर्ष 2005 से मेवात क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। गांव-गांव में लीडर बालिकाएं बनाई गई हैं, जो अन्य बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही किशोरियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए जीवन कौशल के सत्र भी आयोजित किए जाते हैं।
संवाद में बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। मिर्जापुर की नुसरत ने बताया कि वह दसवीं तक शिक्षित हैं और शादीशुदा होने के बावजूद एमिड संस्थान से जुड़कर उन्हें शिक्षा और मार्गदर्शन मिल रहा है। संस्थान बालिकाओं को छात्रवृत्ति दिलाने के साथ ड्रॉपआउट बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
सनोबर ने बताया कि संस्थान से मिली छात्रवृत्ति से उनकी पढ़ाई में मदद मिली है। वहीं बाघोड़ा की सानिया ने कहा कि पहले उनके माता-पिता उन्हें पढ़ाना नहीं चाहते थे, लेकिन एमिड संस्थान के सहयोग से वह अब एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं और भविष्य में बड़ी वकील बनकर गरीबों की सेवा करना चाहती हैं।
एमिड संस्थान की डिप्टी डायरेक्टर आशा नारंग ने बताया कि संस्थान अब तक करीब 18 हजार बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ चुका है और आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को छात्रवृत्ति के माध्यम से उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह ने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मेवात जैसे पिछड़े क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना सराहनीय पहल है। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी पहचान बनाना सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें, साथ ही परिवार की जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखें।
कार्यक्रम के अंत में सभी बालिकाओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इस मौके पर समुदाय समन्वयक जुमर खान, पीसी जगत, एमआई कोऑर्डिनेटर शहनाज तथा हारून सहित अन्य मौजूद रहे।


