
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
चौसाना । कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। 28 हजार की आबादी वाले कस्बे में एक भी सफाई कर्मी तैनात न होने से हालात बद से बदतर हो गए हैं। नालियां जाम होने से गलियों में पानी भर गया, जिससे आमजन के साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। चौसाना के लंबरदार मोहल्ला सहित कई इलाकों में गंदगी और जलभराव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। मंगलवार सुबह हालात इतने बिगड़ गए कि स्कूल की गाड़ियां भी पानी भरी गलियों में फंस गईं। नालियों की सफाई न होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जो गलियों में घुसकर करीब एक फुट तक जमा हो गया। इससे स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं ग्रामीणों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया। गंदे पानी और कूड़े के कारण पूरे इलाके में बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सोमवार को लंबरदार मोहल्ला में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीण समसाद, साजिद, नसीम, वकील, मजमुल्ला, शाकिर, गुफरान, मन्नान, राकिब और जाकिर ने बताया कि पिछले एक महीने से पूरा मोहल्ला गंदगी और जलभराव से परेशान है, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। बाहर से सफाई कराए जाने के नाम पर कूड़े का ढेर मोहल्ले के सामने ही डाल दिया गया, जिससे समस्या और बढ़ गई है। नालियां कूड़े से अटी पड़ी हैं और पानी की निकासी पूरी तरह बंद है, जिसके चलते पानी सड़कों से होकर गलियों में बह रहा है।
ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार का कहना है कि एक महीने पहले सफाई कराई गई थी। वर्तमान में सफाई कर्मियों की कमी है, लेकिन जल्द ही निजी कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई जाएगी। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव केवल आश्वासन देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई नहीं हो रही है।
