नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा मुस्तकिल में दबंगई और हैवानियत का एक मामला सामने आया है। जहां पर गांव के निवासी अरविंद सिंह उर्फ किशन 65 वर्ष जब अपने साथी शान मोहम्मद के साथ दमरास पेट्रोल पंप से डीजल लेने पैदल जा रहा था। तभी जूनियर हाईस्कूल दमरास के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया।आरोप है कि दमरास निवासी मौसम भदौरिया, राहुल भदौरिया, इटरा कला के राघव गुर्जर और पनौरा के अनिरुद्ध पाल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अरविंद सिंह को घेर लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं बल्कि विरोध करने पर एकराय होकर लाठी-डंडों व लात घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान अरविंद सिंह का साथी शान मोहम्मद किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। लेकिन दबंगों ने अरविंद सिंह को तब तक पीटा जब तक वे अधमरे नहीं हो गए। इसके बाद भी जब हमलावरों का मन नहीं भरा, तो मुख्य आरोपी मौसम भदौरिया ने अपनी सफेद रंग की वैगन-आर कार सड़क पर पड़े अरविंद सिंह के ऊपर जान से मारने की नीयत से चढ़ा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उन्हें मरा हुआ समझकर कार समेत मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ अरविंद सिंह को मरणासन्न हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां पर उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झासी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। गांव पुरवा और आसपास के क्षेत्र में इस खूनी वारदात को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



