
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के तेवर काफी सख्त नजर आए। जनसमस्याओं की अधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका तथा विद्युत विभाग को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कुल 69 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान सभासद अतुल सिंह ने नगर पालिका परिषद द्वारा खरीदे गए सोलर वाटर कूलरों के अब तक स्थापित न किए जाने का मुद्दा उठाया। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग की। रामचबूतरा निवासी शांति देवी ने विद्युत विभाग पर घर के अंदर लगे सपोर्ट तार को न हटाने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा लमसर निवासी लालाराम ने ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रस्तुत की। अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इस मौके पर जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ अवधेश कुमार सिंह, तहसीलदार अभिनव तिवारी, अधिशासी अभियंता विद्युत महेंद्र नाथ, खंड विकास अधिकारी कदौरा संदीप मिश्रा, महेवा के अरुण कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

