मेरठ
एमआईईटी में 28 घंटे का टेक हैकाथॉन “ट्रिकॉन 3.0” सफलतापूर्वक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी), मेरठ के सीएसई (एआई) एवं सीएसई (एआई एवं एमएल) विभाग की सोसायटी इंटेलिया द्वारा “ट्रिकॉन 3.0 – ए टेक ट्रायथलॉन” का सफल आयोजन किया गया। यह 28 घंटे का ऑफलाइन हैकाथॉन 4 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक रमन ब्लॉक स्थित ऑडी 4 में “बिल्ड विद एआई फॉर ए स्मार्टर फ्यूचर” थीम के अंतर्गत आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत उद्घाटन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) एस. के. सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) संजीव सिंह, एसोसिएट डीन डॉ. कृष्ण कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ. हनी तोमर, डॉ. विनीत कुमार, डॉ. रामबीर सिंह तथा ईसीई, एमबीए एवं सीएस विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण एवं औपचारिक उद्घाटन ने प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का सफल संचालन इंटेलिया की समन्वयक डॉ. अनामिका सिंह द्वारा किया गया।
इस हैकाथॉन में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से लगभग 350 टीमों ने भाग लिया, जिनमें से 35 टीमों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया। दो दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत “एआई विजन ब्लूप्रिंट” राउंड से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने आइडियाज प्रस्तुत किए। इसके पश्चात डेवलपमेंट फेज, मेंटरिंग सेशंस, स्पीकर सेशंस एवं विभिन्न मूल्यांकन चरण आयोजित किए गए।
शीर्ष 20 टीमों ने डेवलपमेंट चरण में प्रवेश कर रातभर लगातार कार्य करते हुए अपने प्रोजेक्ट्स को विकसित किया। इसके बाद “इम्पैक्ट एरीना” में शीर्ष 10 टीमों ने अपने नवाचारों की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में एआई/एमएल, आईओटी, एआर/वीआर तथा ओपन इनोवेशन जैसे विविध क्षेत्रों में प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत टीम बैक्टीरियाज ने प्रथम स्थान, टीम फंगस ने द्वितीय स्थान तथा टीम एसेंशियल्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं टीम ट्रिब्यूट्स को “बेस्ट ऑल-गर्ल्स टीम” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया तथा टीम कोरेक्स को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन समापन एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों की उपलब्धियों को सराहा गया तथा उन्हें भविष्य में नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। समापन सत्र में डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. रामबीर सिंह एवं डॉ. अनामिका सिंह सहित जूरी सदस्य एवं प्रायोजक उपस्थित रहे। अंत में इंटेलिया की अध्यक्ष कु. खुशी गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
इस सफल आयोजन में इंटेलिया समन्वयक, विभागीय संकाय सदस्यों एवं टीम इंटेलिया के सहयोग एवं मार्गदर्शन की सराहना की गई।




