गोड्डा
संविधान की रक्षा व लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कांग्रेस के आह्वान पर 26 नवंबर को होगा रांची में विशाल रैली : संजय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। गोड्डा कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता संजय सेब्स्टियन मरांडी की ओर से प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर रांची में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित होने वाली विशाल रैली को लेकर गोड्डा जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस रैली में गोड्डा जिला सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कहा कि भारतीय संविधान देश को चलाने का आधार है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी का अवसर दिया है। लेकिन कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में वोट चोरी जैसे मुद्दों के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 26 नवंबर को रांची में विशाल रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली के माध्यम से वोट चोरी के मुद्दे को उठाने और संविधान की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम में गोड्डा जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पूरे संथाल परगना क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। दौरान प्रदेश प्रवक्ता इकरारूल हसन आलम, जिला अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी, उपाध्यक्ष ज्योतिंद्र झा, सचिव सुशीला देवी, बुलबुल, जुगनू आदि उपस्थित थे।


