ललितपुर
श्रीशांतोदय तीर्थ क्षेत्र में 8 से 13 अप्रैल तक भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। चांदपुर जहाजपुर स्थित श्रीशांतोदय तीर्थ क्षेत्र में 8 से 13 अप्रैल 2026 तक भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा गजरथ महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन जगत पूज्य निर्यापक मुनिश्री सुधासागरजी महाराज ससंध के मंगल सानिध्य में सम्पन्न होगा। महोत्सव की शुरुआत 8 अप्रैल को सुबह मुनिश्री के भव्य मंगल प्रवेश से होगी, जो घटयात्रा एवं शोभायात्रा के साथ निकलेगा। कार्यक्रम के तहत ध्वजारोहण, आचार्य निमंत्रण एवं गर्भ कल्याणक, जन्म कल्याणक की पूर्व क्रियाएं संपन्न की जाएंगी। छह दिवसीय इस आयोजन में जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव आयोजित होंगे। प्रतिष्ठाचार्य बा.ब्र.प्रदीप सुयश के निर्देशन में कार्यक्रम संचालित होगा। आयोजन का संयोजन श्रीजैन समाज पंचायत समिति द्वारा किया जा रहा है, जबकि श्रीशांतोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी धौर्रा इसका संचालन कर रही है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 18 फीट ऊंची प्राचीन भगवान शांतिनाथ जी की प्रतिमा एवं 15 फीट की नवीन प्रतिमा की भव्य प्रतिष्ठा होगी, जो मुनिश्री के सूर्यमंत्र द्वारा संपन्न कराई जाएगी। प्रतिदिन सुबह अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन विधान आयोजित होंगे, जबकि रात्रि में भव्य दरबार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों द्वारा नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र कमेटी द्वारा बस सेवा उपलब्ध कराई गई है, जो सुबह-शाम श्रीअभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्र एवं जैन अटा मंदिर जी से संचालित होगी। मीडिया प्रमुख रवि जैन ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। इस दौरान महामहिम सिंघई डा.महेन्द्र जैन धौर्रा, अध्यक्ष अरविन्द्र जैन, महामंत्री सिंघई धन्यकुमार जैन एड., कोषाध्यक्ष अनुपम अनौरा, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष गोयल एड., महोत्सव प्रभारी अमितप्रिय जैन, अभिषेक जैन, प्रचार-प्रसार मीडिया प्रमुख रवि जैन चुनगी, उपाध्यक्ष-अनूप सराफ, चक्रेश जैन, ममता जैन, रवीन्द्र जैन, शीलचंद्र, मरर्फी जैन, पुष्पेन्द्र जैन, श्री शान्तोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी चांदपुर जहाजपुर धौर्रा तैयारियों में जुटी है।



