उत्तरकाशी

सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री व मलवे को तत्काल हटाये : एडीएम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उत्तरकाशी :  विधायक सुरेश चौहान एवं गंगोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए नामित सुपर नोडल अधिकारी/एडीएम मुक्ता मिश्र ने बुधवार को अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर यात्रा तैयारियों का जायज़ा लिया। विधायक एवं सुपर नोडल अधिकारी ने जिला मुख्यालय से लेकर गंगोत्री धाम तक यात्रा पड़ावों पर यात्रियों के लिए की जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक एवं एडीएम ने उजेली और गंगोरी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत, सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री व मलबे को तत्काल हटाने, वन विभाग बैरियर के पास नाली निर्माण तथा सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश बीआरओ को दिए। भटवाड़ी में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए नदी की ओर वायर क्रेट लगाने, ऊपर से आ रहे मलबे को हटाने तथा सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं लिमच्यागाड़ में ध्वस्त सड़क पर धीमी गति से चल रहे कार्यों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए । डबरानी में भूस्खलन जोन के उपचार और नदी कटाव से सड़क को हो रहे नुकसान को देखते हुए सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करने को कहा। विधायक ने हर्षिल,तेलगाड़ व धराली में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।

विधायक ने सभी यात्रा पड़ावों पर बिजली और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, शौचालयों की नियमित सफाई तथा पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। गंगोत्री धाम में मंदिर समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल,एसडीएम शालिनी नेगी,जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी,खंड विकास अधिकारी अमित ममगाईं,ईई सिंचाई सचिन सिंघल, मनोज गुसांई,आपदा समन्वयक जय पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button