किसान के बेटे आदित्य का वित्त मंत्रालय में एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट पद पर हुआ चयन
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम आखिरकार रंग लाया। मिझोना निवासी आदित्य दीक्षित ने सीजीएल 2025 परीक्षा में 753वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन केन्द्रीय बोर्ड के अंतर्गत वित्त मंत्रालय में एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट पद पर हुआ है।
आदित्य की प्रारंभिक शिक्षा बंगरा से हुई, जिसके बाद उन्होंने उरई स्थित एस आर पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आर्थिक और संसाधनों की सीमाओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और घर पर रहकर ही ऑनलाइन माध्यम से अपनी आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी। उनके पिता श्याम जी दीक्षित एक किसान हैं, जबकि माता प्रभा दीक्षित गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाले आदित्य ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि मजबूत इरादों की जरूरत होती है। आदित्य की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके इस सफलता से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है



