बेतुल
बैतूल भीमपुर सीएचसी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, संतोषजनक मिली व्यवस्थाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर का बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवाने ने निरीक्षण किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक निगवाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रसव कक्ष का जायजा लिया, जहां सभी दस्तावेज और गतिविधियां संतोषजनक पाई गईं। इस दौरान एकलम्सिया के प्रबंधन की जानकारी भी ली गई।
इसके बाद कलेक्टर ने एनआरसी वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती माताओं से चर्चा की और स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। माताओं ने सेवाओं पर संतुष्टि जताई। एनआरसी में भर्ती कुमारी नव्या का स्टाफ द्वारा पुनः वजन किया गया और केस हिस्ट्री ली गई। यहां पदस्थ एएनएम ने सभी सवालों के संतोषजनक जवाब दिए।
निरीक्षण के दौरान केएमसी वार्ड, दवाई वितरण कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, ब्लड स्टोरेज कक्ष और ओपीडी का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रांजल उपाध्याय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भैंसदेही, जनपद पंचायत भीमपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी सहित बीईई, बीपीएम, बीसीएम और स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




