राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर पाकुड़ में अहम बैठक आयोजित
An important meeting was held in Pakur regarding the successful organization of the National Lok Adalat.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़, दिवाकर पांडे के निर्देशानुसार डालसा सचिव रूपा बंदना किरो की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के अधिकारी, स्थायी लोक अदालत के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विशेष रूप से बैंक से संबंधित मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निपटाने के लिए सक्रिय पहल करें। इसके साथ ही पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजने, मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आम लोगों को सरल एवं सुलभ न्याय दिलाने के विभिन्न कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम मामलों का निष्पादन हो और किसी भी पक्षकार को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर से बेहतर समन्वय स्थापित कर लोक अदालत को सफल बनाने का आश्वासन दिया।



