
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
वकीलों के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आश्वासन…
हापुड़ (यूपी)- कुराना टोल प्लाजा पर अधिवक्ता से हुई बदसलूकी में कार्यवाही न होने पर अधिवक्ताओं ने हापुड के प्रमुख चौराहे पर रोड जाम कर दिया । हाफिजपुर थाना क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट और बदसलूकी से अधिवक्ता नाराज़ थे ।टोलकर्मियों की गिरफ्तारी ना होने के कारण अधिवक्ता सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर हो गए जिसके बाद नाराज वकीलों के तहसील चौराहे पर धरना प्रदर्शन पर अधिकारियों ने आरोपी टोलकर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
हापुड़ के तहसील चौराहे पर अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। अधिवक्ताओं का यह विरोध प्रदर्शन 28 मार्च को अधिवक्ता शंकरलाल के साथ कुराना टोल प्लाजा पर हुई मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और लूटपाट के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में किया गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है जिसके कारण अधिवक्ता सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए ।
हापुड बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए तहसील चौराहे पर एक मानव श्रृंखला बनाई और उन्होंने सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया और धरने के दौरान सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे । कुछ ही देर में इस जाम से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगा । इस दौरान कुछ वाहन चालकों और अधिवक्ताओं के बीच नोंकझोंक शुरू हो गईं ।
हापुड बार के अध्यक्ष एड. देवेंद्र सिंह नवादा और सचिव रवि कुमार ने बताया कि , 28 मार्च को गांव हरसिंगपुर निवासी अधिवक्ता शंकर लाल आगरा से अपने गांव लौट रहे थे। उनकी कार में फास्टैग भी लगा हुआ है। कुराना टोल प्लाजा पर अव्यवस्था के कारण उनकी गाड़ी को काफी देर तक आगे नहीं बढ़ने दिया गया। अधिवक्ता शंकर लाल ने कई बार टोलकर्मियों से वाहन आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई । जिसके बाद अधिवक्ता शंकरलाल के विरोध करने पर टोलकर्मियों ने एकराय होकर अधिवक्ता व उनके चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी । पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन अधिवक्ता के साथ मारपीट की घटना होने के बाद मुकदमा दर्ज किए हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हापुड के सी ओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि टोलकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है , जल्द कार्यवाही की जाएगी ।



