ललितपुर

पचास रुपये में बनेगी फार्मर रजिस्ट्री

अब गेंहू क्रय केन्द्रों पर ही मिलेगी सुविधा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। अब जिले के सभी गेंहू क्रय केन्द्रों पर ही फार्मर रजिस्ट्री बनवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। किसान मात्र 50 रुपये शुल्क देकर सीधे क्रय केन्द्र पर ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जिससे उन्हें अलग-अलग दफ्तरों और कॉमन सर्विस सेंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गौरतलब है कि शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 से सरकारी क्रय केन्द्रों पर गेंहू बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री (डिजिटल फार्मर आईडी) अनिवार्य कर दी गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, बिचौलियों की भूमिका समाप्त करना और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का भुगतान सीधे किसानों के खातों में सुनिश्चित करना है। साथ ही इससे किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज सब्सिडी और कृषि ऋण जैसी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। अपर जिलाधिकारी एवं जिला खरीद अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के सभी 48 गेंहू क्रय केन्द्रों पर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोले जा रहे हैं। यहां किसान 50 रुपये निर्धारित शुल्क देकर फार्मर रजिस्ट्री के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा किसानों की सहायता के लिए टोल फ्री नम्बर 18001800150 भी जारी किया गया है, जिस पर वह जानकारी, सुझाव या शिकायत दर्ज करा सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नम्बर और खतौनी की आवश्यकता होगी। साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आधार और खतौनी में नाम एक समान हो। यदि नाम में कोई त्रुटि है, तो पहले उसे संशोधित कराना होगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन ग्रामों में चकबंदी और सर्वे की प्रक्रिया चल रही है, वहां के किसानों को गेंहू विक्रय के लिए फार्मर रजिस्ट्री बनवाना अनिवार्य नहीं होगा। ऐसे किसान पूर्व व्यवस्था के अनुसार ही अपने उत्पाद को सरकारी क्रय केन्द्रों पर बेच सकेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button