ललितपुर

प्रशासनिक आदेशों को ठेंगा

दबंगों ने पुलिस की शह पर काट ली कुर्क शुदा फसल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। महरौनी तहसील क्षेत्र के ग्राम मुडिया में कानून को ताक पर रखकर दबंगों द्वारा प्रशासन द्वारा कुर्क की गई फसल को जबरन काट लेने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीडि़त किसान ने पुलिस और राजस्व कर्मियों पर दबंगों से सांठगांठ करने और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। कस्बा अथाईपुरा निवासी सुम्मेर सिंह पुत्र स्व. ताहर सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मौजा मुडिया स्थित उनकी गाटा संख्या 403 (रकवा 2.2430 हेक्टेयर) पर गेहूं और सरसों की फसल बोई गई थी। इस भूमि को लेकर उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) महरौनी के न्यायालय में वाद विचाराधीन है। विवाद को देखते हुए न्यायालय ने 18 मार्च 2026 को फसल कुर्क कर उसे किसी निष्पक्ष व्यक्ति की सुपुर्दगी में देने का आदेश दिया था। पीडि़त का आरोप है कि न्यायालय और उच्चाधिकारियों के स्पष्ट आदेश के बावजूद महरौनी पुलिस ने जानबूझकर लापरवाही बरती। आरोप है कि स्थानीय पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की शह पर विपक्षी दबंगों ने षडयंत्र रचकर कुर्क शुदा फसल को चोरी-छिपे काट लिया। जब पीडि़त ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने प्रशासन हमारे साथ है कहकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त किसान सुम्मेर सिंह ने बताया कि वह और उसका परिवार इस समय गहरे डर में है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गण भू-माफिया और खनन माफियाओं के साथ जुड़े हुए हैं, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शिकायती पत्र के माध्यम से पीडि़त ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए, दोषी पुलिसकर्मियों और दबंगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button