ललितपुर
साप्ताहिक परेड का एसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यक्षमता और अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण कर उनकी दक्षता का आकलन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान एसपी ने परेड की ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड और तालमेल की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। इसके बाद उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित विभिन्न शाखाओं शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन और कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं डायल-112 के पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण करते हुये वाहनों की साफ-सफाई, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब/मोबाइल सहित अन्य आपातकालीन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील, संयमित और सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश देते हुए रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने पर जोर दिया गया। इसके पश्चात आयोजित अर्दली रूम में विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया गया तथा विभागीय कार्यवाहियों, शिकायतों और लंबित पत्रावलियों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही परेड में शामिल पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



