नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। यमुना एक्सप्रेसवे पर 600 बोतल अवैध शराब बरामदगी व दो आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले में अब मथुरा पुलिस ने कैराना में भी कार्रवाई तेज कर दी है। थाना मांट, जनपद मथुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 275/25 धारा 63 आबकारी अधिनियम व 318(4) बीएनएस के तहत जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम कैराना पहुंची। मामले में शुक्रवार को उपनिरीक्षक आकाश चौहान, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार व हेड कॉन्स्टेबल मधुवेन्द्र थाना मांट से कैराना कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने आमद दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि बरामद शराब की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर छानबीन की और कुछ लोगों से पूछताछ भी की, हालांकि फिलहाल किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
