गोमिया स्टेशन में सभी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव चालू किया जाए – माकपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) गोमिया प्रखंड कमेटी की ओर से गोमिया रेलवे स्टेशन प्रबंधक को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। इस दौरान खास तौर पर उपस्थित माकपा के राज्य कमेटी सदस्य रामचंद्र ठाकुर एवं गोमिया प्रखंड सचिव राकेश कुमार ने कहा धनबाद रेल मंडल और पूर्व मध्य रेलवे लगातार गोमिया रेलवे स्टेशन एवं यहां के यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। पूर्व में कोलकाता-मदार एवं कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव गोमिया में नहीं हो रहा है वहीं दूसरी तरफ अभी तुरंत दो एक्सप्रेस ट्रेन धनबाद-भोपाल एवं धनबाद-मुंबई चालू हुआ है इसका ठहराव भी गोमिया में नहीं दिया गया है यह गोमिया के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा हमारी पार्टी मांग करती है की सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव गोमिया में चालू किया जाए इसके अलावा पार्टी की 13 सूत्री मांगों में धनबाद- नई दिल्ली, धनबाद काटपाड़ी (वेल्लोर), हटिया -आसनसोल, बरकाकाना -देवघर समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों की मांग एवं उनका ठहराव गोमिया में हो इसकी मांग की गई है।
इस कार्यक्रम में पार्टी के गोमिया प्रखंड कमेटी के सदस्य भोला स्वर्णकार, अजय कुमार, समेत सूरज कुमार, अजय कुमार, धनंजय कुमार, सुबोध कुमार, कृष्ण कुमार, विजय कुमार, संजय पासवान समेत कई लोग शामिल थे।



