कैराना
मेहनत का मुकुट: द न्यू हाइट्स एकेडमी में चमकी अमरीन, जिले में दूसरा स्थान हासिल
97% अंकों के साथ रचा इतिहास, मेधावियों का भव्य सम्मान—कैराना में जश्न का माहौल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही द न्यू हाइट्स एकेडमी ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि दर्ज करते हुए कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस वर्ष अमरीन सैफी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, साथ ही जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं, रिहान ने 95 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। पलक बैसला 94 प्रतिशत अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा अंशी चौहान ने चौथा और शादान उस्मानी ने पांचवां स्थान हासिल कर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय के प्रबंधक इमरान सिद्दीकी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अमरीन सैफी की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर से लेकर पूरे कैराना क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्कूल प्रशासन द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं का खुले वाहन में नगर भ्रमण कर भव्य स्वागत किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं।

