गाजियाबाद
लोनी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने से आक्रोश
नेताओं और समाजसेवियों ने की शांति की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के इंद्रापुरी चौकी इलाके में फर्नीचर मार्केट के सामने स्थित भारत के संविधान निर्माता और दलितों, गरीबों, पिछड़ों व वंचित वर्गों के मसीहा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
घटना की जानकारी मिलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि यह कृत्य किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में जातीय उन्माद फैलाना और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाना है।
नेताओं ने जताया रोष, सख्त कार्रवाई की मांग
खतौली के विधायक मदन भैया ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक मूर्ति को तोड़ने की घटना नहीं है, बल्कि समाज में अशांति फैलाने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने लोनी की जनता से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि षड्यंत्रकारियों के मंसूबों को किसी भी हालत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
नगरपालिका चेयरमैन मौके पर पहुंचीं, धरने पर बैठीं
नगरपालिका परिषद लोनी की चेयरमैन रंजीता धामा भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बीच सड़क पर धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने मौके पर ही नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई।
समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने की निंदा
समाजसेवी सुरेन्द्र कुमार एडवोकेट ने इस घटना को “दुषित मानसिकता” का परिणाम बताते हुए कहा कि संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. अंबेडकर के खिलाफ ऐसा कृत्य घोर अपराध है। उन्होंने कहा कि यह एक योजनाबद्ध साजिश प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ना है।
वार्ड 41 के सभासद ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा और एडवोकेट सुशील डेनियल ने भी डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
शांति बनाए रखने की अपील
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोनी की जनता हमेशा से धैर्य और भाईचारे की मिसाल रही है और इस परीक्षा की घड़ी में भी वही संयम बनाए रखना आवश्यक है।




