जालौन
तालाब में मिला युवक का शव, सिहारी गांव में सनसनी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। तहसील क्षेत्र के सिहारी गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय युवक का शव गांव के तालाब में तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान ओम जी उर्फ बेटू पुत्र ध्रुव सिंह निवासी सिहारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीणों की नजर तालाब में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



