नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के एक मामले का खुलासा किया है। खैरथल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जाहुल पुत्र आस मोहम्मद निवासी मुनपुर मेवान, थाना खैरथल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा थार गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
मामले के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पुराने सिक्कों को ऊंचे दामों में खरीदने के नाम पर भ्रामक विज्ञापन जारी करता था। इन विज्ञापनों के माध्यम से वह लोगों को झांसे में लेकर उनसे संपर्क करता और फिर प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरीके से एक व्यक्ति से 3 लाख 42 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक ई-मित्र संचालक को इस संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली। संचालक ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
यह कार्रवाई थाना कोटकासिम पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने अन्य लोगों को उसने अपना शिकार बनाया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर ठगों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के लालच या आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाले ऐसे भ्रामक विज्ञापनों से दूरी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लेनदेन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने यह भी बताया कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या पुलिस कंट्रोल रूम 01460-294100 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


