
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। नगर क्षेत्र के विष्णुपुरा वार्ड नंबर-02 स्थित दलित बस्ती में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पीने योग्य पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि वार्ड नंबर-02 विष्णुपुरा में दलित वर्ग के मेहनतकश गरीब व मजदूर परिवार निवास करते हैं, जहां पिछले कई वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार जल संस्थान व जल निगम को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की कमी के चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वह आक्रोशित भी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा तब तक के लिए पानी के टैंकरों से वैकल्पिक आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रार्थना पत्र पर मोहल्ला विष्णुपुरा के कई निवासियों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।



